बाराबंकी में कल होगी मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’, पत्रकारों को सिखाए जाएंगे फैक्ट-चेकिंग के व्यावहारिक तरीके

रोहित संवाद न्यूज

-----

बाराबंकी। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), लखनऊ की ओर से जनपद बाराबंकी के पत्रकारों के लिए रविवार, 9 अगस्त 2026 को मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का आयोजन प्रातः 10:30 बजे लोक सभागार, कलेक्ट्रेट बाराबंकी में होगा।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को डिजिटल एवं सोशल मीडिया के दौर में तेजी से प्रसारित होने वाली सूचनाओं की सत्यता जांचने तथा फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं की पहचान के लिए व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।

कार्यशाला में लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव विशेष सत्र में पत्रकारों को सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो, तस्वीरों और खबरों की सत्यता जांचने की विभिन्न विधियों की जानकारी देंगे। इस दौरान पत्रकारों को बताया जाएगा कि किसी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि किस प्रकार की जाए।

इन विषयों पर होगी चर्चा

कार्यशाला में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं की पहचान, वायरल फोटो एवं वीडियो की वास्तविकता जांचने, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों का फैक्ट-चेक करने तथा Google समेत विभिन्न डिजिटल टूल्स के प्रभावी इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही गलत अथवा अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार को रोकने और सत्यापित एवं विश्वसनीय पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए अपनाए जाने वाले व्यावहारिक तरीकों पर भी चर्चा होगी।

डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाएं बेहद तेजी से प्रसारित हो रही हैं। ऐसे में पत्रकारों के लिए किसी भी खबर की विश्वसनीयता और तथ्यात्मकता की पुष्टि करना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। आयोजकों का मानना है कि ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला पत्रकारों को फैक्ट-चेकिंग के आधुनिक तरीकों से परिचित कराने और जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूत करने में उपयोगी साबित होगी।

कार्यशाला में सहभागिता के इच्छुक पत्रकारों से पंजीकरण कर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।


Previous Post Next Post