रांची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 09 जुलाई 2026 को दो घरों में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल एक अज्ञात अपराधी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त जगुआर कार (पंजीकरण संख्या UP78EM0101) को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही चोरी गए सोने के आभूषण तथा ₹17,36,200 नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस कांड में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है, जो जांच की बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसआईटी की तकनीकी एवं साक्ष्य-आधारित जांच के चलते पूरे मामले का खुलासा संभव हो सका।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। कांड से जुड़े अन्य पहलुओं तथा संभावित आरोपियों के संबंध में जांच की जा रही है और आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
--------------
रिपोर्ट : श्रवन कुमार सिंह स्टेट ब्यूरो, झारखंड
