नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर गौरीगंज में कार्यशाला, उत्कृष्ट महिलाओं को किया सम्मानित

रोहित संवाद : आनन्द त्रिवेदी  

----------------

अमेठी। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पर अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “मिशन शक्ति अभियान” के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संजय चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सामाजिक, राजनीतिक तथा आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यशाला में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रावधानों, उसके प्रभावों और महिलाओं के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, सेवानिवृत्त महिला शिक्षकों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड), स्पॉन्सरशिप योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में लोगों को जागरूक किया। योजनाओं से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इनका लाभ ले सकें।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अनिल चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, जिला सेवायोजन अधिकारी समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यशाला ने महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

أحدث أقدم